एसईसीएल गेवरा-दीपका में ड्राइवरों और मजदूरों का हंगामा, दीपावली से पहले बोनस की मांग

कोरबा। एसईसीएल गेवरा-दीपका क्षेत्र में जय अम्बे रोडलाइंस कंपनी के ड्राइवरों और मजदूरों ने दीपावली से पहले बोनस की मांग को लेकर मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कोयला परिवहन का जिम्मा संभालने वाले इन कर्मचारियों ने बोनस में देरी पर नाराजगी जताई। ड्राइवरों का कहना है कि महीनों की मेहनत के बावजूद उन्हें न्यूनतम बोनस नहीं मिला, जो उनका कानूनी हक है।

प्रदर्शनकारियों ने उमागोपाल के नेतृत्व में जीएम को ज्ञापन सौंपा, जिसमें बोनस भुगतान के साथ-साथ समय पर वेतन और बेहतर कामकाजी स्थितियों की मांग की गई।

मुख्य महाप्रबंधक ने मौके पर पहुंचकर बातचीत की कोशिश की, लेकिन कर्मचारियों ने बोनस के बिना चर्चा से इनकार कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि मामला कंपनी स्तर पर है और जल्द समाधान की कोशिश की जा रही है।