मेडिकल कॉलेज में नवजात की मौत, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप; डॉक्टर ने दी सफाई

कोरबा। कोरबा के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में प्रसव के कुछ घंटों बाद एक नवजात की मौत का मामला सामने आया है। प्रसूता किरण विश्वकर्मा के पति आशीष विश्वकर्मा ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया, जबकि डॉक्टरों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए तर्कों के साथ अपनी बात रखी।

आशीष ने बताया कि वह अपनी गर्भवती पत्नी किरण को दोपहर में अस्पताल लेकर आए थे। किरण को पहले स्थानीय स्तर पर देखा गया, फिर कोरबा रेफर किया गया। आशीष का आरोप है कि प्रसव के दौरान अस्पताल स्टाफ ने उपेक्षा की, जिससे नवजात की मौत हुई।

दूसरी ओर,अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि किरण के पहले दो प्रसव सामान्य रहे थे, इसलिए तीसरे प्रसव में कोई जटिलता की आशंका नहीं थी। डॉक्टरों के अनुसार, लेबर रूम में किरण ने प्रसव के दौरान सहयोग नहीं किया, जिससे बच्चेदानी में जटिलता पैदा हुई। ऑपरेशन की तैयारी से पहले ही बच्चे का जन्म हो गया, लेकिन ऑक्सीजन की कमी के कारण नवजात की मृत्यु हो गई।

डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि लापरवाही के आरोप निराधार हैं।

अस्पताल में पहले भी मरीजों की स्थिति बिगड़ने पर इस तरह के आरोप-प्रत्यारोप सामने आ चुके हैं। इस मामले में अब परिजनों और अस्पताल प्रशासन के बीच उठाए जाने वाले कदमों पर सभी की नजरें टिकी हैं।