दिल दहलाने वाली वारदात: बुजुर्ग को खाट से बांधकर पेट्रोल बम से जलाया, मौत, पत्नी गंभीर

कोरिया । कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज और दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। साल्ही गांव में 14 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे दो अज्ञात हमलावरों ने 60 वर्षीय राय राम को उनके घर में खाट से बांधकर पेट्रोल बम से हमला कर दिया। इस भीषण हमले में राय राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 59 वर्षीय पत्नी पार्वती गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज से रायपुर रेफर किया गया है।

पुलिस को शक है कि इस जघन्य अपराध के पीछे मृतक का दामाद हो सकता है, जिसका अपनी पत्नी और ससुराल वालों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि मृतक की बेटी ने उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी एक युवक से अंतरजातीय विवाह किया था, जिसके बाद रिश्तों में तनाव था। दामाद ने दूसरी शादी भी कर ली थी और पहले भी ससुराल आकर गोली चलाने की कोशिश कर चुका था।

घटना की रात हमलावरों ने मुंह पर कपड़ा बांधकर राय राम के घर में घुसपैठ की। उन्होंने राय राम को खाट से बांधा, घर का दरवाजा बाहर से बंद किया और पेट्रोल बम फेंककर आग लगा दी। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक राय राम की जान जा चुकी थी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, और मृतक के परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

इस वारदात ने साल्ही गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीण इस बात से स्तब्ध हैं कि एक पारिवारिक विवाद इतना भयावह रूप ले सकता है।