लूट और अपहरण की शिकायत निकली फर्जी, पुलिस ने खोली देवेश सिंह की पोल

कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रवि शंकर शुक्ल नगर निवासी देवेश सिंह द्वारा दर्ज कराई गई लूट और अपहरण की शिकायत को पुलिस ने झूठा करार दिया है। पुलिस ने 25 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन न तो लूट और न ही अपहरण की घटना की पुष्टि हुई।

देवेश ने 10 अक्टूबर 2025 को शिकायत की थी कि उनके घर में एक व्यक्ति ने ब्लेड से हमला कर सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। इसके बाद 12 अक्टूबर को उन्होंने दावा किया कि उनका अपहरण कर जंगल में मारपीट की गई।

पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू की, लेकिन न तो आसपास के लोगों से कोई गवाही मिली और न ही सीसीटीवी फुटेज में कोई सबूत पाया गया।


जांच में सामने आया कि देवेश ने 12 अक्टूबर को स्थानीय किराना दुकान से ब्लेड और चॉकलेट खरीदा था, जिसने उनकी शिकायत पर संदेह पैदा किया। पुलिस ने अपहरण की शिकायत पर अपराध दर्ज नहीं किया, क्योंकि दोनों घटनाएं संदिग्ध पाई गईं।

इस दौरान, देवेश के अस्पताल में भर्ती होने पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी और जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा उनसे मिलने पहुंचे।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि झूठी शिकायत दर्ज कराने के लिए देवेश के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है। मामले की जांच अभी भी जारी है।