शिवाजी नगर में दिनदहाड़े लूट का प्रयास, युवक घायल

कोरबा।शिवाजी नगर वार्ड के राठौर स्ट्रीट मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब दो युवकों ने किराए का मकान देखने के बहाने एक घर में घुसकर वहां अकेले मौजूद युवक पर हमला कर लूटपाट की कोशिश की।

घटना के समय पीड़ित युवक घर में अकेला था। हमलावरों ने नुकीली वस्तु से वार कर उसे घायल कर दिया और घर में रखे सामान की तलाशी शुरू कर दी। कुछ सामान लूटकर आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन लूटे गए सामान का विवरण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

घायल युवक ने हिम्मत दिखाते हुए घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। पड़ोसियों ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में संदिग्ध युवकों की तलाश के लिए पुलिस ने अपनी छानबीन तेज कर दी है।