कोरबा। छत्तीसगढ़ के वाणिज्य, उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर, आबकारी, और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरबा विधानसभा क्षेत्र में 21 नवीन विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण से 2 करोड़ और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण से 1 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न विकास कार्यों के लिए आवंटित की गई है।
10 सितंबर को कोरबा कलेक्टरेट परिसर में आयोजित मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण की बैठक में मुख्यमंत्री श्री साय की अध्यक्षता में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई थीं।
इसमें सुनालिया पुल के लिए 9 करोड़ और बालक-बालिका क्रीड़ा परिसर के लिए 10-10 करोड़ रुपये की स्वीकृति शामिल थी। अब मंत्री श्री देवांगन के प्रस्ताव पर मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण से 15 विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण से 6 कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण के तहत स्वीकृत कार्यों में वार्ड क्रमांक 61 में सेन नदी तक नाली व कलवर्ट निर्माण (20 लाख), वार्ड 36 में सीसी रोड व नाली निर्माण (40 लाख), वार्ड 28 में सामुदायिक भवन (10 लाख), वार्ड 59 में सार्वजनिक मंच व नाली (25 लाख) जैसे कार्य शामिल हैं।
वहीं, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के तहत वार्ड 28, 55, 58, 39, 5 और 52 में सामुदायिक भवन, बाउंड्री वॉल और सतनाम भवन के विस्तार जैसे कार्यों के लिए 15-25 लाख रुपये प्रति कार्य की स्वीकृति दी गई है।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया है।
यह कदम कोरबा के बुनियादी ढांचे और सामुदायिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















