कोरबा।नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने सरदार पटेलनगर जमनीपाली दर्री में निर्माणाधीन बस टर्मिनल और प्रगतिनगर में बन रहे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समयसीमा में कार्य पूरा करने को कहा।
आयुक्त ने दर्री जोन में निगम द्वारा कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया और कार्य प्रगति की समीक्षा की। प्रगतिनगर में 99.40 करोड़ रुपये की लागत से 33 एमएलडी क्षमता का एसटीपी बनाया जा रहा है, जो शहर के नालों से निकलने वाले दूषित जल को उपचारित करेगा।
यह जल एनटीपीसी को उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे हसदेव नदी को प्रदूषण से बचाने और दूषित जल के प्रबंधन में मदद मिलेगी। इसके अलावा, लाटा बस्ती के समीप प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 132 आवास गृहों का निर्माण पूरा हो चुका है।
आयुक्त ने प्रगतिनगर, दर्री मुख्य मार्ग, साप्ताहिक बाजार, सरदार पटेलनगर और जमनीपाली में साफ-सफाई कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्वच्छता कार्यों में कसावट लाने और डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, जोन कमिश्नर तपन तिवारी, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, सहायक अभियंता लीलाधर पटेल, उप अभियंता सोमनाथ डेहरे, प्रमोद जगत और स्वच्छता निरीक्षक शैलेन्द्र नामदेव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















