सांसद ज्योत्स्ना महंत की पहल: कोरबा में बीएसएनएल के 22 नए टावर, नेटवर्क समस्या से मिलेगी निजात

कोरबा।कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्स्ना चरणदास महंत के प्रयासों से कोरबा जिले में बीएसएनएल नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए 22 नए टावर लगाने की मंजूरी मिल गई है।

शीघ्र ही इन टावरों का निर्माण शुरू होगा, जिससे जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या से राहत मिलेगी। बीएसएनएल के सहायक महाप्रबंधक (एजीएम)  टोप्पो ने सांसद से मुलाकात कर यह जानकारी साझा की।

सांसद के प्रतिनिधि और दूरसंचार सलाहकार समिति के सदस्य दिनेश सोनी ने बताया कि नए टावर पाली ब्लॉक के गांधी चौक, मुनगाडीह, माखनपुर; करतला ब्लॉक के फुलसरी; कोरबा ब्लॉक के उरगा, रामपुर, भदरापारा, आरएसएस नगर, मंगल भवन, सुभाष ब्लॉक एसईसीएल, डिंगापुर, तुलसी नगर, चित्रा टॉकीज, सीएसईबी पश्चिम, साडा जमनीपाली, दादर; और कटघोरा ब्लॉक के झाबर, दीपका कटघोरा रोड, तिवरता, रलिया, अखरापाली, बिरदा और तुमान में लगाए जाएंगे।

दिनेश सोनी ने 25 अप्रैल 2025 को बिलासपुर में हुई दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक में सांसद की ओर से बीएसएनएल की सेवाओं को बेहतर करने की मांग उठाई थी।

सांसद ज्योत्स्ना महंत ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में बीएसएनएल का नेटवर्क अक्सर कमजोर रहता है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में संचार सुविधा की कमी से ग्रामवासियों को परेशानी होती है। उन्होंने नेटवर्क सुधार के साथ-साथ टैरिफ में राहत देने की भी जरूरत बताई।

सांसद ने भरोसा जताया कि नए टावर लगने के बाद नेटवर्क की दिक्कतें दूर होंगी। उन्होंने एजीएम श्री टोप्पो को त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद भी दिया।