पसान रेंज में हाथियों का उत्पात, घर और फसलें तबाह

कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। तनेरा सर्किल के बीजाडांड क्षेत्र में 52 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जिसमें से एक लोनर हाथी ने हरदेवा ग्राम पंचायत के ढलकुंडा गांव में श्यामकली नामक महिला के कच्चे मकान को बीती रात 2 बजे क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना के समय महिला और उसका परिवार घर पर नहीं था, जिसके कारण बड़ा हादसा टल गया। सुबह घर टूटा देख महिला ने वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद वन अमला नुकसान का आकलन करने पहुंचा।

इसी क्षेत्र में हाथियों के दल ने बीजाडांड, सूखाबहरा सहित अन्य स्थानों पर 20 ग्रामीणों की धान की फसल को तहस-नहस कर दिया। वहीं, सेन्हा गांव में दो दंतैल हाथियों ने चार ग्रामीणों की फसल को नष्ट किया।

पीड़ितों ने वन विभाग को सूचना दी, और अधिकारी नुकसान का जायजा ले रहे हैं।

दूसरी ओर, कोरबा वनमंडल के करतला रेंज से दो हाथी छाल रेंज के नोनदरहा गांव के जंगल में पहुंच गए हैं। ये हाथी रात में जंगल के रास्ते छाल रेंज में प्रवेश कर वहां विचरण कर रहे हैं।

वन विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है, और अमला स्थिति पर नजर रख रहा है। ग्रामीणों में हाथियों के आतंक से दहशत का माहौल है।