बरमपुर-दर्री टू-लेन सड़क और अहिरन नदी पर पुल निर्माण को मंजूरी, यातायात दबाव होगा कम

कोरबा।कोरबा अंचल में बरमपुर से दर्री बराज तक 8.20 किमी लंबी टू-लेन सड़क और अहिरन नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण को राज्य शासन ने मंजूरी दे दी है।

इस परियोजना के लिए एसईसीएल ने सीएसआर मद से 83 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जिसमें से 16.60 करोड़ रुपये पहले चरण में जारी हो चुके हैं। निविदा प्रक्रिया शुरू हो गई है और 2026 तक सड़क व पुल निर्माण पूरा होने की उम्मीद है।

यह सड़क बायीं तट नहर के किनारे बनेगी, जिससे पश्चिम क्षेत्र से आने वाले भारी वाहन बालको की ओर सीधे जा सकेंगे। वर्तमान में ये वाहन राताखार और गेरवा घाट पुल होकर गुजरते हैं, जिससे यातायात दबाव बढ़ता है। सड़क निर्माण में 90% बाधाएं दूर हो चुकी हैं, लेकिन सिंचाई विभाग की जमीन पर 127 लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाना बाकी है। इसके लिए 2 करोड़ 9 लाख रुपये मुआवजे के रूप में तय किए गए हैं।

अहिरन नदी पर 17 करोड़ रुपये की लागत से 25 मीटर लंबा उच्च स्तरीय पुल सेतु निगम द्वारा बनाया जाएगा, जो भारी वाहनों के लिए उपयुक्त होगा। इसके अलावा, नगर निगम की पाइपलाइन शिफ्टिंग के लिए 36 लाख 9693 रुपये का भुगतान किया जा चुका है। बिजली विभाग और नगर निगम को खंभे व पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य जल्द शुरू करने के लिए कहा गया है।

पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े ने बताया कि निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर इस साल के अंत तक कार्य शुरू करने का प्रयास है। निर्माण के लिए ठेका कंपनी को 18 माह का समय दिया जाएगा। यह परियोजना पूरी होने पर कोरबा में यातायात का दबाव काफी हद तक कम होगा।