कोरबा।कोरबा अंचल के प्रमुख आस्था स्थल माँ सर्वमंगला देवी मंदिर, दुरपा में शारदीय नवरात्रि का 10 दिवसीय महायज्ञ धार्मिक अनुष्ठानों और विविध धार्मिक कार्यक्रमों के साथ निर्विघ्न संपन्न हुआ।
मंदिर प्रबंधन की ओर से राजपुरोहित एवं प्रबंधक नमन पाण्डेय (नन्हा महराज) ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों, जिला प्रशासन और पुलिस बल का हृदय से आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन आश्विन शुक्ल प्रतिपदा, विक्रम संवत् 2082 (22 सितंबर) से आश्विन शुक्ल नवमी (1 अक्टूबर) तक चला। इस दौरान ज्योति कलश प्रज्ज्वलन, विद्वान पंडितों के सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठान, भंडारा और सेवा कार्यों ने मंदिर परिसर को भक्ति और सत्व के प्रकाश से आलोकित रखा।
हजारों श्रद्धालुओं ने अनुशासित रूप से माँ के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य बनाया।
नमन पाण्डेय ने कहा, “माँ सर्वमंगला देवी सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें और विश्व में शांति व अहिंसा की स्थापना हो।” उन्होंने मंदिर परिसर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए आगंतुकों की सराहना की। साथ ही, शांति और अनुशासन बनाए रखने के लिए जिला पुलिस और प्रशासन का विशेष आभार जताया।
उन्होंने ब्राह्मणों, कन्या पूजन में शामिल देवी स्वरूपा कन्याओं और ज्योति कलश प्रज्ज्वलन करने वाले श्रद्धालुओं का भी अभिनंदन किया। नमन पाण्डेय ने कामना की कि माँ सर्वमंगला का यह दरबार निरंतर शांति और समृद्धि का केंद्र बना रहे, नारी शक्ति का सम्मान बढ़े और समाज में सत्व का प्रकाश फैले।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















