120 फीट  रावण का पुतला तैयार, बारिश बनी आयोजकों के लिए चुनौती

कोरबा। विजयादशमी के पर्व पर कोरबा जिले में असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक रावण दहन 2 अक्टूबर को धूमधाम से होगा। सीएसईबी दर्री के लाल मैदान में 120 फीट ऊंचा रावण का पुतला आकर्षण का केंद्र होगा।

इस पुतले को सीएसईबी के अभियंताओं और कर्मियों ने प्लांट के स्क्रैप से तैयार किया है, जिसमें कुशल कारीगरों की सेवाएं भी ली गई हैं। टेक्नीकल टीम के अनुसार, पुतले की ऊंचाई 114 फीट है, जिसमें सिर अलग से जोड़ा गया है।

रिमोट से संचालित इस पुतले में लाइट और साउंड इफेक्ट्स के साथ-साथ रावण का सिर चारों दिशाओं में घूमेगा, आंखों से आग के गोले निकलेंगे और डरावनी आवाजें सुनाई देंगी। रात 10 बजे होने वाले रावण दहन से पहले विभिन्न प्रदर्शन भी होंगे।

कोरबा शहर के पुराना बस स्टैंड में 80 साल पुरानी रावण दहन की परंपरा को कायम रखते हुए 40 फीट का पुतला तैयार किया गया है। मुड़ापार बाजार रामलीला मैदान, एमपी नगर, आरएसएस नगर, एनटीपीसी कॉलोनी, कुसमुंडा, बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा में भी 40 से 50 फीट ऊंचे पुतलों के साथ विजयादशमी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

हालांकि, लगातार बारिश आयोजकों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही है। कोरबा के ओपन थिएटर में तैयार रावण का पुतला भारी बारिश के कारण गिर गया, जिससे इसका सिर, धड़ और पैर अलग-अलग बिखर गए।

बारिश के कारण जमीन में गड्ढे बन गए, जिसने आयोजकों की परेशानी बढ़ा दी। अब 24 घंटे के भीतर नए सिरे से तैयारियां की जा रही हैं ताकि विजयादशमी पर रावण दहन का आयोजन सफल हो सके।