रिक्त भूखंडों में गंदगी पर सख्ती, मालिकों को नोटिस; विजिटर रूम निर्माण की प्रगति का जायजा

कोरबा।कोरबा नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शहर में रिक्त निजी भूखंडों में फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए भूखंड मालिकों को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है।

रविशंकर नगर जोन के आवासीय क्षेत्रों, कॉलोनियों और सड़कों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि रिक्त भूखंडों में जमा कचरा शहर की स्वच्छता को प्रभावित कर रहा है।

आयुक्त ने मौके पर कुछ भूखंड मालिकों से बातचीत की और उन्हें भूखंडों की सफाई सुनिश्चित करने तथा गंदगी रोकने के लिए सुरक्षित उपाय करने की सलाह दी।

आयुक्त ने कहा कि मालिकों की लापरवाही से निगम के स्वच्छता अभियान को झटका लग रहा है, जिससे शहर की छवि धूमिल हो रही है।

निरीक्षण में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जोन कमिश्नर प्रकाश चंद्रा, सहायक अभियंता आकाश अग्रवाल, उप जोन प्रभारी अविनाश जायसवाल, स्वच्छता निरीक्षक सचींद्र थवाईत, रामप्रसाद मिर्री और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

साथ ही,आयुक्त ने मुड़ापार हेलीपेड के पास जिला खनिज न्यास मद से 19 लाख रुपये की लागत से बन रहे विजिटर रूम के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यह कार्य अंतिम चरण में है, और उन्होंने अधिकारियों को इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।