कोरबा।कोरबा में विजयादशमी के लिए रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले बनाने वाले कलाकारों की तैयारियां बारिश के कारण संकट में पड़ गई हैं। हर साल दशहरा पर्व पर समय पर पुतले तैयार कर अच्छी कमाई करने वाले इन कलाकारों को इस बार लगातार बारिश ने परेशानी में डाल दिया है।
कोरबा के ओपन थिएटर सीतामढ़ी सहित कई स्थानों पर पुतला निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। सामान्य और विशेष श्रेणी के पुतले बनाकर कलाकार अच्छा मुनाफा कमाते हैं, लेकिन इस बार बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। पुतला निर्माता गौरव ने बताया कि बारिश के कारण पुतलों को सुखाने में सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।
रावण के सिर और अन्य हिस्से गीले होने से समय पर डिलीवरी देना चुनौतीपूर्ण हो गया है। इससे न केवल मेहनत बर्बाद होने का डर है, बल्कि लागत का नुकसान भी सहना पड़ रहा है।
दशहरे की धूम के बीच पुतला निर्माताओं की चिंता बढ़ गई है। बारिश के इस कहर के बीच ये कलाकार समय पर काम पूरा करने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं।
मौसम की अनिश्चितता ने उनके कारोबार को जोखिम में डाल दिया है, और अब यह देखना बाकी है कि वे इस चुनौती से कैसे पार पाते हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















