तेज रफ्तार बाइक टोल बैरियर तोड़कर खंभे से टकराई, एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के रजकम्मा टोल गेट के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर हाई मास्ट खंभे से टकरा गई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बांकी मोंगरा से आ रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि टोल नाका का बूम बैरियर टक्कर से उखड़कर दूर जा गिरा। इसके बाद भी बाइक नहीं रुकी और अनियंत्रित होकर खंभे से जा भिड़ी।

हादसे की भयावहता से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना टोल गेट के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब पुलिस जांच का हिस्सा है।

पुलिस ने बताया कि मृतक और दोनों घायलों की पहचान बांकी मोंगरा निवासियों के रूप में हुई है। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।