कोरबा SP कार्यालय के आरक्षक कृष्णा खड़िया का हृदयघात से निधन, पुलिस परिवार में शोक की लहर

कोरबा। कोरबा जिला पुलिस बल में कार्यरत और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की रीडर शाखा में पदस्थ आरक्षक कृष्णा खड़िया का शनिवार दोपहर अल्पायु में आकस्मिक निधन हो गया।

तबीयत खराब होने पर वे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन वहां उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और उनकी सांसें थम गईं। इस दुखद खबर से उनके परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ पड़ी।

सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के मातहत कर्मी और अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। यह घटना कोरबा पुलिस परिवार के लिए एक और बड़ा आघात बन गई है।

बता दें कि हाल ही में डीएसपी मुख्यालय के वाहन चालक आरक्षक सुरेंद्र लहरे की हृदयघात से मृत्यु, तीन पुलिस कर्मियों के पुत्रों का निधन, और निरीक्षक श्रीमती मंजूषा पांडेय के निधन की घटनाओं ने पुलिस परिवार को पहले ही शोक में डुबोया था। इन दुखद घटनाओं को लोग भूल भी नहीं पाए थे कि आरक्षक कृष्णा खड़िया की मृत्यु ने महकमे को फिर से शोकमग्न कर दिया।

पुलिस विभाग ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। यह घटना पुलिस कर्मियों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता और तनाव प्रबंधन की आवश्यकता को भी रेखांकित करती है।