कोरबा।कोरबा के मोतीसागरपारा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक सिरफिरे युवक ने 7 साल की मासूम बालिका को पानी से भरी टंकी में डूबाने की कोशिश की। समय रहते स्थानीय लोगों की तत्परता से बच्ची की जान बच गई, और आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना उस समय हुई, जब बालिका अपने घर से कुछ दूरी पर खेल रही थी। इसी क्षेत्र का एक युवक उसे उठाकर पास की पानी से भरी टंकी में ले गया और डूबाने का प्रयास करने लगा। एक अन्य बालिका ने यह भयावह नजारा देख लिया और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी।
लोगों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को टंकी से सुरक्षित निकाला। घटना से बालिका इतनी डर गई थी कि वह मीडिया से बात करने की स्थिति में नहीं थी।
स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में युवक के मानसिक स्वास्थ्य पर सवाल उठे हैं, लेकिन पुलिस ने अभी उसकी पहचान और मंशा का खुलासा नहीं किया है।
मामले की जांच जारी है, और बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। इस घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है, और लोग सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















