कोरबा।आश्विन नवरात्र के पावन अवसर पर औद्योगिक नगर कोरबा भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा हुआ है।
संत जलाराम मंदिर परिसर में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना विधि-विधान और श्रद्धा के साथ की जा रही है। गुजराती समाज ने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए मंदिर को आकर्षक झांकियों, विद्युत सजावट और भक्ति संगीत से सजाया है। भक्तजन मां भगवती की आराधना कर अष्ट सिद्धि और नव निधि का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना कर रहे हैं।
मंदिर से सटे सामाजिक भवन में प्रतिदिन आयोजित हो रहे गरबा ने इस पर्व को और भी रंगीन बना दिया है। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे श्रद्धालु गुजराती गीतों और गरबा की थाप पर देर रात तक मां की भक्ति में झूम रहे हैं। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि नवरात्रि पर्व केवल आस्था और भक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि अनुशासन, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य इस आयोजन को गरिमा और श्रद्धा के साथ संपन्न करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बारिश में भी थम नहीं रहा गरबा का जोश
कोरबा के आरएसएस नगर में भी नवरात्र का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। क्षेत्र की महिलाएं गरबा में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश भी उनके उत्साह को कम नहीं कर सकी। बारिश के बीच भी प्रतिभागी मां की उपासना में डूबे हुए हैं और गरबा की थाप पर थिरक रहे हैं। यह दृश्य भक्ति और उमंग का अनूठा संगम प्रस्तुत कर रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















