कोरबा। कोरबा जिले के वनांचल ग्राम कोरकोमा के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में युक्ति युक्तकरण योजना ने विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा दी है। इस स्कूल में पढ़ने वाले 319 विद्यार्थी अब अंग्रेजी जैसे कठिन विषय को आत्मविश्वास के साथ सीख रहे हैं। पहले शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों को अंग्रेजी पढ़ने में दिक्कत होती थी, लेकिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिशा-निर्देश में लागू युक्ति युक्तकरण योजना के तहत अतिशेष शिक्षकों की पदस्थापना से यह समस्या दूर हो गई है।
स्कूल में नई शिक्षिका श्रीमती रामेश्वरी रत्नाकर की नियुक्ति हुई है, जो अंग्रेजी पढ़ाती हैं। वे विद्यार्थियों के साथ सहजता से घुल-मिल गई हैं और जटिल विषय को सरल तरीके से समझा रही हैं। कक्षा छठवीं और आठवीं के विद्यार्थी स्नेहा, राकेश, साहिल, समीर, सुनील और गुँजन ने खुशी जताई कि अब उनकी अंग्रेजी की पढ़ाई बेहतर हो रही है। वे बताते हैं कि मैडम हर संदेह को स्पष्ट करती हैं और कोई भी कालखंड खाली नहीं जाता।
प्रधानपाठक गोपाल प्रसाद साव ने बताया कि पहले विद्यालय में दो शिक्षकों की कमी थी, जिसे युक्ति युक्तकरण के तहत पूरा किया गया। अब स्कूल में पढ़ाई निर्बाध रूप से चल रही है।
इस पहल से न केवल विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ा है, बल्कि उनके माता-पिता की उम्मीदों को भी नया बल मिला है। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

