‘हेरा फेरी’ स्टाइल ठगी, 100 दिन में पैसे दोगुना करने का झांसा देकर 5 करोड़ की चपत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में फिल्म ‘हेरा फेरी’ की तर्ज पर एक बड़े ठगी का मामला सामने आया है।

कर्नाटक के बेलगाम निवासी अनिरुद्ध दलवी ने खुद को ए स्क्वायर ग्लोबल कंसल्टेंसी का एमडीऔरआईसीआईसीआई बैंक का फंड मैनेजर बताकर छत्तीसगढ़, झारखंड और आंध्र प्रदेश के करीब दो दर्जन निवेशकों से 5 करोड़ रुपये ठग लिए।

आरोपी ने 100 दिन में पैसा दोगुना करने का लालच देकर निवेशकों को अपने जाल में फंसाया। पीड़ितों ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी और रकम वापसी की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, दलवी ने डीमैट खाते में सौ करोड़ की इक्विटी और लाइव ट्रेडिंग दिखाकर निवेशकों का भरोसा जीता। उसने दावा किया कि निवेश पर प्रतिदिन 2% मुनाफा और 100 दिन में दोगुनी रकम मिलेगी। सुरक्षा के लिए उसने चेक और भूमि समझौते का झांसा भी दिया। जनवरी से अप्रैल 2025 के बीच निवेशकों ने नकद और ऑनलाइन 5 करोड़ रुपये जमा किए।

शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए दलवी ने कुछ निवेशकों को छोटी रकम लौटाई, जैसे रायपुर के अनवर मोहम्मद को 5.40 लाख के निवेश पर 30 हजार रुपये दिए। इससे प्रेरित होकर अन्य लोगों ने भी निवेश किया। लेकिन अप्रैल 2025 के बाद ब्याज मिलना बंद हो गया।

आरोपी ने सॉफ्टवेयर अपडेट, वेबसाइट हैकिंग और फंड की कमी जैसे बहाने बनाकर टालमटोल शुरू कर दी। छह महीने बाद पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।

टिकरापारा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसके मोबाइल नंबर और बैंक खातों के आधार पर तलाश जारी है। पुलिस ने निवेशकों से ऐसी लुभावनी योजनाओं से सावधान रहने की अपील की है।