कोरबा।कोरबा के सीएसईबी कॉलोनी, पथर्रीपारा में मंगलवार रात एक मकान में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने हंगामा किया। संगठनों ने मिशनरी गतिविधियों और धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और मामले को शांत कराया। मसीही समाज ने सभा में शामिल महिलाओं के साथ अभद्रता का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
पास्टर सीमा गोस्वामी ने बताया कि वह कुछ परिचितों के साथ एक व्यक्ति के घर सुख-शांति के लिए प्रार्थना सभा के लिए गई थीं। उनका दावा है कि सभा का कोई अन्य उद्देश्य नहीं था। लेकिन सभा के दौरान हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंचकर धर्मांतरण का आरोप लगाया और हंगामा शुरू कर दिया।
सीमा के अनुसार, इस दौरान महिलाओं के साथ बदतमीजी भी की गई। पुलिस को सूचना देने पर तुरंत कार्रवाई की गई और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
बुधवार को मसीही समाज का प्रतिनिधि मंडल सिविल लाइन थाने पहुंचा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना से संपर्क न होने के कारण पुलिस कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। उल्लेखनीय है कि कोरबा के बालकोनगर और मैग्जिनभांठा क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव देखा गया था।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

