कोरबा। शक्ति और समृद्धि के पर्व शारदीय नवरात्रि से जहां त्योहारों का आगाज होता है, वहीं कारोबार के लिए भी यह पीक सीजन का शुभारंभ माना जाता है। इस वर्ष नवरात्रि का स्वागत विशेष रूप से उत्साहपूर्ण हो गया है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए GST रिफॉर्म के ‘नमो उपहार’ ने बाजारों में नई धूम मचा दी है।
22 सितंबर 2025 से लागू इन ‘नेक्स्ट जनरेशन GST सुधारों’ के तहत कई आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स दरें कम हो गई हैं, जिससे उपभोक्ताओं को सस्ती खरीदारी का लाभ मिल रहा है और व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं।
मंगलवार को कोरबा विधानसभा अंतर्गत दर्री मुख्य मार्ग पर आयोजित ‘नेक्स्ट जनरेशन GST सुधारों’ पर संवाद कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के इस ऐतिहासिक निर्णय से बाजार में रौनक लौट आई है। GST दरों में छूट ने आम लोगों के लिए त्योहारी खरीदारी को आसान बना दिया है, जिससे खुशियां दोगुनी हो गई हैं।
स्थानीय व्यापारियों ने मोदी सरकार का दिल से आभार जताते हुए कहा कि यह उपहार त्योहारी सीजन के लिए संजीवनी की तरह है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और व्यवसायी उपस्थित हुए।
चर्चा के दौरान GST दरों की विस्तृत जानकारी साझा की गई, जिसमें खाद्य पदार्थों, स्टेशनरी, वाहनों और स्वास्थ्य सेवाओं पर टैक्स में कमी का जिक्र प्रमुख रहा। साथ ही, स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया, ताकि आत्मनिर्भर भारत का संकल्प मजबूत हो।
नए GST सुधारों का लाभ: सस्ती वस्तुएं, मजबूत अर्थव्यवस्था
इन सुधारों से 375 से अधिक उत्पादों की कीमतें घटी हैं। उदाहरण के लिए:
सामान्य खाद्य पदार्थों पर GST 18% से घटकर 5% हो गया।
बच्चों की स्टेशनरी टैक्स-फ्री।
जिम, सैलून, योगा सेंटर जैसी सेवाओं पर 18% से 5%।
जीवन और स्वास्थ्य बीमा पर 0% GST।
व्यापारियों ने बताया कि सरल कर संरचना से न केवल राहत मिली है, बल्कि टैक्स दरों में पारदर्शिता बढ़ी है। डिजिटल प्रक्रिया से टैक्स चुकाना आसान होगा, इनपुट क्रेडिट का लाभ बढ़ेगा और मुनाफा दोगुना होगा। इससे आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी, महंगाई पर अंकुश लगेगा और MSME को बूस्ट मिलेगा। उपभोक्ताओं को रोजमर्रा की जरूरतों पर कम कीमतों का फायदा हो रहा है, जिससे त्योहारों की चमक और बढ़ गई है।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, “इस बार नवरात्रि का शुभ अवसर GST बचत उत्सव के साथ जुड़ गया है। आइए, स्वदेशी के मंत्र से विकसित भारत का निर्माण करें।” स्थानीय स्तर पर यह संवाद इसी दिशा में एक कदम है, जहां व्यापारियों को उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
व्यापारियों की राय
व्यापारी बंधुओं ने कहा, “यह सुधार अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं और उपभोक्ता हितों को मजबूत बना रहे हैं। सरल संरचना से समय की बचत होगी, मुनाफा बढ़ेगा और देश की अर्थव्यवस्था और मजबूत बनेगी। पीएम मोदी का आभार!”
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

