कोरबा।कृषि विज्ञान केंद्र लखनपुर कटघोरा, कोरबा में 22 और 23 सितंबर को खरीफ 2025-26 के लिए “समेकित कीट प्रबंधन” पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
यह कार्यक्रम कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के वनस्पति संरक्षण, संगरोध एवं संग्रह निदेशालय के अंतर्गत केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र, रायपुर और जिला कोरबा के कृषि विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में 75 प्रतिभागियों, जिसमें प्रगतिशील किसान, किसान उत्पादक संगठन, किसान मित्र, महिला समूह और कृषि विस्तार अधिकारी शामिल थे, ने हिस्सा लिया। उद्घाटन नीरज कुमार सिंह, उप निदेशक (कीट विज्ञान), डॉ. एस.पी. सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, और एम.एम. बघेल, सहायक संचालक कृषि ने किया।
नीरज कुमार सिंह ने धान और सब्जियों में लगने वाले कीटों और रोगों के लक्षणों उनके प्रबंधन पर विस्तार से बताया, साथ ही कीटनाशकों के सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया।
डॉ. आशीष जायसवाल ने बीजोपचार का महत्व और मक्का में कीटों व रोगों के प्रबंधन की जानकारी दी। कन्हैया लाल ने समेकित कीट प्रबंधन (आईपीएम) तकनीकों, जैसे पीले-नीले चिपचिपे प्रपंच, फेरोमोन प्रपंच, प्रकाश प्रपंच और फ्रूट फ्लाई प्रपंच पर चर्चा की। प्रतिभागियों को एन.पी.एस.एस. ऐप की विशेषताओं और उपयोग के बारे में भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में उप संचालक कृषि डी.पी.एस. कंवर, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, और करतला विकासखंड के अजय कंवर सहित 9 ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने भाग लिया। अंत में, किसानों को ट्राइकोडर्मा एसपीपी और मेटारिजियम एसपीपी जैसे जैव नियंत्रण कारकों का वितरण किया गया।
यह प्रशिक्षण आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















