मॉर्निंग वॉक के दौरान तालाब में डूबे कपड़ा व्यापारी जुगल अग्रवाल, पुलिस जांच में जुटी

कटघोरा। मंगलवार सुबह कटघोरा थाना क्षेत्र के राधा सागर तालाब में कपड़ा व्यवसायी जुगल अग्रवाल (45) का शव तैरता हुआ पाया गया। रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले अग्रवाल की इस तरह मौत की खबर से कटघोरा क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और परिजनों को सूचित किया। प्रारंभिक जांच में अनुमान है कि मॉर्निंग वॉक के बाद वे तालाब में हाथ-पैर धोने गए होंगे और संभवतः फिसलकर गिर गए।

कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना या साजिश के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस तफ्तीश में जुटी है।

जुगल अग्रवाल अंबिकापुर-कटघोरा मुख्य मार्ग पर‘ जुगल क्लॉथ स्टोर’ के मालिक थे और क्षेत्र में एक सम्मानित व्यापारी के रूप में पहचाने जाते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिजन गहरे शोक में हैं और पूरे इलाके में शोक की लहर है।