स्वच्छता दीदियों और सफाईमित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण, तीन दिवसीय शिविर शुरू

कोरबा। स्वच्छता ही सेवा-2025 अभियान के तहत कोरबा के घंटाघर स्थित सियान सदन में सफाईमित्रों, सफाई कामगारों और स्वच्छता दीदियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। पहले दिन कोसाबाड़ी और रविशंकर नगर जोन के कर्मचारियों की 41 प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गई।

इस मौके पर आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी, अपर आयुक्त विनय मिश्रा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी मौजूद रहे।

निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तिवारी ने बताया कि तीन दिवसीय शिविर के तहत 23 सितंबर को कोरबा और टी.पी.नगर जोन, तथा 24 सितंबर को दर्री, बालको और सर्वमंगला नगर जोन के सफाईमित्रों, कामगारों और स्वच्छता दीदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।

यह पहल स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए शुरू की गई है।