नारायणपुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित अबूझमाड़ के घने जंगलों में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च अभियान चलाया था, जिसके दौरान यह मुठभेड़ हुई।
सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में एक पुरुष माओवादी मारा गया, जिसका शव और हथियार घटनास्थल से बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ अभी भी जारी है, जिसमें दोनों पक्षों की ओर से रुक-रुककर गोलीबारी हो रही है। सुरक्षाबलों ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन को तेज कर दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, मारे गए नक्सली की पहचान की प्रक्रिया जारी है। अन्य नक्सलियों की तलाश में जंगल में गहन तलाशी अभियान चल रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि माओवादी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, जिसे सुरक्षाबलों ने समय रहते नाकाम कर दिया।
क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और ऑपरेशन को और तेज किया जा रहा है। अबूझमाड़ लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का गढ़ रहा है, और सुरक्षाबल इस क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

