शिक्षिका से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म,आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक शिक्षिका ने एसईसीएल कॉलोनी सुभाष ब्लॉक निवासी अनिकेत श्रीवास्तव पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता का अपने पति से पारिवारिक विवाद के कारण तलाक हो चुका है और वह अपने दो बच्चों के साथ रह रही थी।

पीड़िता की मुलाकात अनिकेत से कार फाइनेंस के सिलसिले में हुई थी। दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और बातचीत शुरू हुई। इस दौरान अनिकेत ने पीड़िता की निजी जानकारी हासिल कर उसे शादी का वादा किया और दोनों बच्चों को साथ रखने की बात कही। इस झांसे में आकर पीड़िता ने युवक के साथ शारीरिक संबंध बनाए। हालांकि, जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव डाला, तो अनिकेत ने इनकार कर दिया।

आहत शिक्षिका ने मानिकपुर चौकी में शिकायत दर्ज की, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनिकेत श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया।

एएसआई सुदामा पाटले ने बताया कि अप्रैल 2023 में मुलाकात के बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ संबंध बनाए थे। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।