कोरबा।कोरबा जिले के पाली विकासखंड मुख्यालय और आसपास के देवी मंदिरों में शारदीय नवरात्रि, दुर्गा उत्सव और दशहरा पर्व की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। यह पर्व 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पाली नगर पंचायत के आदिशक्ति सती दाई मंदिर, महामाया देवालय, मां कालिका मंदिर, ठाकुर देव स्थल पटेलपारा, बड़ा देव शक्तिपीठ और जलाराम मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
मंदिर समितियों द्वारा घृत, तेल और जवारा ज्योति कलशों का पंजीयन शुरू कर दिया गया है। मंदिर परिसरों की साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य तेजी से चल रहा है। मनोकामना ज्योति कलशों के लिए कलश भवन तैयार किए जा रहे हैं। नवरात्रि के दौरान मां आदिशक्ति के विभिन्न रूपों की पूजा-अर्चना, सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन, माता सेवा और जागरण जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।
आसपास के गांवों में भी उत्साह
पाली के आसपास के गांवों में भी नवरात्रि पर्व की तैयारियां जोरों पर हैं। आदि वनदेवी चेपा रानी, सकरिया पाठ मुनगाडीह, वामन पाठ पड़रापतरा, दुर्गा मंदिर पोड़ी, महामाया काली मंदिर लाफा, चैतमा, नुनेरा, बांदाखार, रंगोले, परसदा और कोसगई देवी सीस सहित लगभग सभी गांवों में ग्रामीण एकजुट होकर उत्सव की तैयारियों में जुटे हैं। इस दौरान आस्था के दीप प्रज्वलित किए जाएंगे और जवारा बोए जाएंगे। अनुमान है कि इस पर्व पर तीन हजार से अधिक मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित होंगे।
भक्ति और श्रद्धा का माहौल
पाली और आसपास के क्षेत्रों में नवरात्रि के लिए भक्तों में उत्साह चरम पर है। मंदिर समितियां और ग्रामीण मिलकर इस पर्व को धूमधाम से मनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह उत्सव न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि सामुदायिक एकता और श्रद्धा को भी दर्शाता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















