कोरबा। जिले के करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत चैनपुर में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद अब ग्रामीणों ने इसे नशा मुक्त आदर्श ग्राम घोषित करने की मांग की है। गुरुवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा, जिसमें इस अभियान को और सशक्त बनाने के लिए प्रशासनिक सहयोग और मान्यता प्रदान करने का आग्रह किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्रामसभा, नशा मुक्ति महिला समिति और गांव के युवाओं, बुजुर्गों व प्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों से चैनपुर में शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। यह उपलब्धि ग्रामीणों की एकता और जागरूकता का परिणाम है। ग्रामवासियों ने संकल्प लिया है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अवैध शराब गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी गतिविधियों की तत्काल सूचना प्रशासन व पुलिस को दी जाएगी।
नशा मुक्ति के लिए व्यापक योजना
चैनपुर के ग्रामीणों ने गांव को स्थायी रूप से नशा मुक्त आदर्श ग्राम बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की योजना है। ग्रामीणों का कहना है कि यह प्रयास न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने प्रशासन से नशा मुक्ति अभियान को मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन और सहयोग की मांग की है।
प्रशासन से सहयोग की अपील
ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि पुलिस और प्रशासन के सहयोग से चैनपुर नशा मुक्त आदर्श ग्राम के रूप में एक मिसाल कायम करेगा। ग्राम पंचायत और महिला समिति ने नशा मुक्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि वे इस दिशा में निरंतर काम करेंगे। ग्रामीणों की इस पहल ने जिले में नशा मुक्ति के लिए एक सकारात्मक माहौल बनाया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















