क्वांर नवरात्र: हिंगलाजगढ़ में प्रज्वलित होंगी पांच शक्तिपीठों की अखंड ज्योति, 20 सितंबर को सप्तदेव मंदिर में दर्शन

कोरबा।  गौमुखी सेवाधाम देवपहरी के सिद्धिदात्री दरबार परिसर स्थित निर्माणाधीन हिंगलाजगढ़ में आश्विन नवरात्र पर माता कालिका देवी, कामाक्षी देवी, माता कामाख्या देवी, माता वैष्णो देवी और मां शारदा भवानी मैहर और सिद्धिदात्री के साथ प्रतिकात्मक रूप में माता हिंगलाज देवी की अखंड ज्योति स्थापित की जाएंगी। वे यहां अनवरत प्रज्वलित होंगी।

19 सितंबर तक सभी ज्योति कोरबा में पहुंचने पर 20 सितंबर को ये सप्तदेव मंदिर में होंगी जहां इनका पूजन-स्वागत होगा। इसके लिए भव्य तैयारी की जा रही है।

समाज के सहयोग से सिद्धिदात्री दरबार में हिंगलाजगढ़ को शक्ति संपन्न बनाने के लिए कार्य जारी है। योजना के तहत सितंबर के दूसरे पखवाड़े में देश के अलग-अलग राज्यों में स्थित पांच शक्तिपीठों से अखंड ज्योति लेने के लिए श्रद्धालुओं ने प्रस्थान किया। ज्योति लेने के साथ उनकी कोरबा वापसी हो रही है।

बताया गया कि कामाक्षी मंदिर की ज्योति बालाजी मंदिर बैगिनडभार, कामाख्या देवी की ज्योति राम मंदिर बालको, माता कालिका देवी की ज्योति जलाराम मंदिर, माता शारदा भवानी की ज्योति साडा मंदिर सरदार पटेल नगर दर्री, माता वैष्णोदेवी की ज्योति कुसमुंडा में भक्तों के दर्शन के लिए स्थापित की जाएंगी।

इसके पश्चात अगले कार्यक्रम के अंतर्गत ये सभी सप्तदेव मंदिर में जाएंगी। 20 सितंबर को रात्रि विश्राम के पश्चात अगले दिवस 21 सितंबर को देवपहरी के लिए इनकी यात्रा शुरू होगी।

उक्तानुसार सुबह 10 बजे यात्रा गढ़ उपरोड़ा के लिए प्रस्थान होगी। ढोढ़ीपारा, कोहडिय़ा, रूमगरा, सोनपुरी, चुइया, अजगरबहार, गढक़टरा, सतरेंगा होते हुए गढ़-उपरोड़ा में रात्रि विश्राम होगा।

22 सितंबर को प्रात: 6 बजे यहां से पदयात्रा शुरू होगी।

इसके अंतर्गत गढ़ उपरोड़ा, हरदीमौहा, डिंडासराई, देवपहरी गांव के बाद यात्रा सिद्धिदात्री मंदिर पहुंचेगी। यहां पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ अखंड ज्योति स्थापित की जाएगी। जानकारी दी गई कि अखंड ज्योति आने से पहले मंदिर परिसर में सभी ज्योति घट स्थापित किए जाएंगे।

व्यवस्था के अनुसार मंदिर में ज्योति लाने वालों का तिलक आरती कर स्वागत वपांचों ज्योति का मंदिर में पूजन-अर्चन होगा। तत्पश्चात सभी ज्योति गर्भगृह में रखी जायेगी। मंदिर में माता सिद्धिदात्री का आह्वान कर उनकी अखण्ड ज्योति प्रज्ज्वलित होंगी। संपूर्ण कार्यक्रम में मंदिर के पुरोहित और यजमान सपत्नीक शामिल होंगे।  

स्वागत के लिए दिया दायित्व
रविवार 21 सितंबर को शक्तिपीठों की अखंड ज्योति के स्वागत कार्यक्रम के लिए स्थान व प्रभारी तय किए गए है। जामबहार चौक में उपन, लक्ष्मण महंत, सोनपुरी में शंकर, चिरंजीव, चुइया में कुंती चंद्रा, करम सिंह, अजगरबहार में रितेश गुप्ता, ठाकुर लवभूषण, कृष्णा महंत प्रभारी है।

माखुरपानी में अमर सिंह, विजय यादव, गढक़टरा में बहोरन सिंह, सतरेंगा में थान सिंह, धन सिंह कंवर, कदमझरिया में कौशल्या कंवर और गढ़-उपरोड़ा में जितेन्द्र देवांगन, अंशुमन प्रभारी है। हरदीमहुआ में पूरन सिंह, बलराम देवांगन और डिंडापाठ में जगदेव सिंह, बंधन सिंह को दायित्व दिया गया है। इन सभी की अगुवाई में प्रमुख स्थानों पर स्वागत द्वार, रंगोली और भजन-कीर्तन के कार्यक्रम हिन्दू समाज करेगा।