कोरबा। जिले में शिक्षा विभाग को लेकर लगातार खबरें आ रही है। विभाग के अधिकारी मामलों को ठीक करने की कोशिश करते हैं तो नए मामले सामने आ जाते है। अबकी बार कई संकुल समन्वयकों ने पोड़ी-उपरोड़ा के बीआरसी को निशाने पर लिया है। उन पर कई कार्यों के लिए रुपयों की अवैध मांग करने व धमकाने का आरोप है। इस मामले की जांच के लिए बीईओ करतला को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पोड़ी-उपरोड़ा विकासखण्ड में स्त्रोत समन्वयक के पद पर गुलाबदास महंत लंबे समय से बने हुए है। संकुल शैक्षिक समन्वयकों ने उन पर आरोप लगाया कि वे लगातार पैसों की अवैध मांग करते हैं और धमकाते है।
आरोप है कि बीआरसीसी द्वारा फोन कर संकुल अनुदान की राशि मांगी जाती है। पैसा नहीं देने पर भौतिक सत्यापन की धमकी दी जाती है।
कहा गया कि इससे पहले सत्र 2022-23 और 2023-24 में उगाही की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा को संकुल शैक्षिक समन्वयकों की ओर से की गई शिकायत में कहा गया कि मुख्यमंत्री शाला सुरक्षा प्रशिक्षण (सत्र 2022-23) के दौरान प्रशिक्षण हेतु स्वीकृत राशि का गबन किया गया। समन्वयकों और शिक्षकों को राशि दिए बिना ही उनसे बिल और वाउचर ले लिए गए।
इसके अलावा मरम्मत कार्य, शिविर आयोजन और अन्य कार्यक्रमों में भी प्रधान पाठकों व समन्वयकों से पैसे वसूलने का आरोप लगाया गया है। यह भी जानकारी दी गई कि स्कूलों के लिए खनिज न्यास से स्वीकृत गैस चूल्हों की राशि भी फर्म को नहीं दी गई और इसे वसूल करने का प्रयास किया गया। कुछ प्रधान पाठकों से एक वेंडर को 5-5 हजार रुपये जमा करने के लिए दबाव बनाया गया।
कटघोरा बीआरसी कब हटेंगे
खबर यह भी है कि कोरबा जिले के कटघोरा में बीआरसी के पद पर प्रहलाद साहू को काम करते लंबा अरसा हो चुका है। बीआरसी की नियुक्ति और स्थानांतरण को लेकर वहीं नियम लागू होते हैं जो दूसरे मामलों में है। सबसे खास बात यह है कि सरकार के लगभग सभी विभागों में सरकार की तबादला नीति प्रभावशील है लेकिन ऐसा लगता है कि कटघोरा का बीआरसी पद इस सरकारी व्यवस्था से सबसे अलग है।
मामले को लिया है गंभीरता से
जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय ने बताया कि शैक्षिक समन्वयकों ने संयुक्त रूप से बीआरसी के कार्यों और उनके व्यवहार को लेकर शिकायत की है। इस बारे में कोई प्रमाण नहीं आए है। मामले को हमने गंभीरता से लिया है। इसके लिए जांच टीम बना दी गई है। टीम इस मामले में अपनी कार्यवाही करेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















