आयुष्मान आरोग्य मंदिर में लापरवाही, हड़ताल के चलते गर्भवती महिला की डिलीवरी ग्रामीणों ने कराई

कोरबा।पोड़ी-उपरोड़ा की ग्राम पंचायत बंजारी में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर लापरवाही सामने आई है। आज सुबह करीब 12 बजे गर्भवती भगवती कमरों को प्रसव पीड़ा के कारण इस केंद्र में लाया गया, लेकिन वहां न तो महिला डॉक्टर मौजूद थीं और न ही प्रसव के लिए आवश्यक स्टाफ।

परिजनों ने बताया कि कर्मचारियों ने तत्काल चोटियां रेफर करने की सलाह दी, लेकिन बढ़ती प्रसव पीड़ा के कारण ग्रामीण महिलाओं की मदद से मौके पर ही डिलीवरी करानी पड़ी। सौभाग्य से जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए चोटियां रेफर किया गया। 

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों की हड़ताल के कारण नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी इस घटना का प्रमुख कारण रही। ग्रामीणों का कहना है कि हड़ताल के चलते गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करे ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। यह घटना स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और हड़ताल के प्रभाव को उजागर करती है। ग्रामीणों और परिजनों ने जिम्मेदार अधिकारियों से इस मामले में सख्त कार्रवाई और त्वरित समाधान की मांग की है