डेम में छलांग लगाने वाला युवक टापू पर फंसा, पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

कोरबा जिले के राताखार एनीकट डेम में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना ने सभी को चौंका दिया। सुबह करीब 10 बजे एक अज्ञात युवक डेम के तेज बहाव के बीच बने टापू पर फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने 25 फीट ऊंचे डेम से छलांग लगाई थी। डेम के ऊपर उसकी बाइक खड़ी मिली, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह अकेले ही वहां पहुंचा था।

घटना की जानकारी सबसे पहले मछुआरों ने दी, जिन्होंने तुरंत पुलिस और 112 डायल को सूचित किया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान थाना कोतवाली में पदस्थ आरक्षक चंद्रकांत गुप्ता अपने दो साथियों के साथ युवक को बचाने के लिए नदी में कूद गए। लेकिन तेज धारा के कारण उनकी जान खतरे में पड़ गई। मौके पर मौजूद एक अन्य पुलिसकर्मी ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्यूब फेंककर गुप्ता की जान बचाई। इस जोखिम भरे रेस्क्यू का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मियों की बहादुरी और संघर्ष साफ दिखाई देता है।

नगर सेना की टीम लगातार युवक को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रही है। खबर लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो पाई थी और यह भी स्पष्ट नहीं है कि उसने छलांग क्यों लगाई। आधे दिन से टापू पर फंसा यह युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर डटी हुई हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।