गौठानों में मवेशियों के लिए बेहतर सुविधाएँ सुनिश्चित, निगम आयुक्त ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

कोरबा। शहरी क्षेत्र के गौठानों में मवेशियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सके, इसके लिए नगर निगम काम कर रहा है। निगम आयुक्त ने अपनी टीम के साथ गोकुलनगर और पंप हाऊस सेंटर का जायजा लिया। चारा-पानी की स्थिति देखी और इस बारे में कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय द्वारा प्रतिदिन शहर के विभिन्न स्थलों का प्रात: भ्रमण कर निगम के साफ-सफाई कार्यो सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं, निगम की व्यवस्थाओं, निर्माण व विकास कार्यो सहित निगम के विभिन्न कार्यो का नियमित रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत दुरूस्तगी के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गोठान में रखे गए मवेशियों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली एवं वहॉं पर मवेशियों के लिए भूसा, चारा, पानी आदि के संबंध में की गई व्यवस्था एवं उनकी  उपलब्धता का निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गोठान की समस्त व्यवस्थाएं निरंतर चुस्त-दुरूस्त रखें तथा गोठान में रखे गए मवेशियों की सतत रूप से देखभाल सुनिश्चित कराएं। गोठान में मवेशियों के लिए भूसा, चारा व पानी की पर्याप्त व्यवस्था बनी रहें, समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए, यह अंतिम रूप से सुनिश्चित कराएं।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा पम्प हाउस कालोनी के समीप नहर के किनारे कम्पोस्ट सेंटर संचालित किया जा रहा है, जहॉं पर शहर से उत्सर्जित गीले कचरे से खाद का निर्माण किया जाता है।

आयुक्त ने भ्रमण के दौरान कोसाबाड़ी,निहारिका,घंटाघर, बुधवारी,सी.एस.ई.बी.चौक,पम्प हाउस कालोनी,व्ही.आई. पी.रोड सहित अन्य विभिन्न स्थलों के साफ-सफाई कार्यो का निरीक्षण किया, सफाई कार्य में संलग्न स्वच्छता कामगारों से उनके कार्य स्थल एवं कार्यो की जानकारी ली।

आयुक्त श्री पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि साफ-सफाई कार्यो में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए एवं निर्धारित मानदण्डो के अनुरूप नियमित रूप से सफाई कार्य किए जाएं।

भ्रमण के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा,अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, जोन कमिश्नर अखिलेश शुक्ला, भूषण उरांव, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, सहायक राजस्व अधिकारी सुमित गुप्ता, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, गोयल सिंह विमल, लीलाधर पटेल, सोमनाथ डेहरे, वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा, सचीन्द्र थवाईत आदि उपस्थित थे।