शहीद सैनिकों के लिए 50 लाख और परमवीर चक्र विजेताओं के लिए 1 करोड़ की अनुग्रह राशि

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने युद्ध और सैनिक कार्यवाही में शहीद सैनिकों के परिवारों और वीरता अलंकरण प्राप्त जवानों के लिए अनुग्रह राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की घोषणा की है। यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य सैनिक बोर्ड की छठवीं बैठक में लिया गया।

बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, युद्ध में शहीद सैनिकों की पत्नी या आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि को 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही, परमवीर चक्र प्राप्त सैनिकों को अब 40 लाख रुपये के बजाय 1 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। सैनिकों के माता-पिता को दी जाने वाली जंगी इनाम राशि को 5 हजार रुपये प्रतिवर्ष से बढ़ाकर 20 हजार रुपये किया गया है। युद्ध में दिव्यांग हुए सैनिकों के लिए अनुदान राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दिया गया है।

इसके अतिरिक्त, सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों और विधवाओं को प्रथम बार भूमि या गृह क्रय पर 25 लाख रुपये तक के स्टाम्प शुल्क में छूट देने का निर्णय लिया गया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले सैनिकों का सम्मान और उनके परिवारों का कल्याण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “हमारे वीर जवान 140 करोड़ देशवासियों की सुरक्षा के लिए दिन-रात तत्पर रहते हैं। उनके शौर्य और बलिदान को हम नमन करते हैं।”

बैठक में भूतपूर्व सैनिकों, विधवाओं और उनके आश्रितों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा हुई। सैनिक कल्याण संचालनालय के संचालक ब्रिगेडियर विवेक शर्मा ने बोर्ड की गतिविधियों और पिछले निर्णयों की प्रगति पर जानकारी दी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सरकार के इस निर्णय से भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सीधा लाभ पहुंचेगा, जिससे उनके कल्याण और सम्मान में वृद्धि होगी।