पेंड्रा रोड में आरपीएफ जवान की सड़क हादसे में मौत, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई

पेंड्रा रोड।रेलवे स्टेशन पेंड्रा रोड में तैनात आरपीएफ जवान राम आसरे खोंगसरा की सड़क हादसे में दुखद मृत्यु हो गई। घटना उस समय हुई जब जवान ड्यूटी समाप्त कर अपनी बाइक से कमरे की ओर लौट रहे थे। रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।

राहगीरों ने खून से लथपथ जवान को तत्काल गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक जवान के शव का पोस्टमॉर्टम और पंचनामा के बाद आरपीएफ पोस्ट पेंड्रा रोड में विधिवत गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह ग्राम उत्तर प्रदेश के प्रयागराज भेज दिया गया। राम आसरे पिछले दो वर्षों से पेंड्रा रोड आरपीएफ में तैनात थे।

इस दुखद घटना से आरपीएफ और स्थानीय समुदाय में शोक की लहर है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच कर रही है।