एनएचएम कर्मचारियों को 16 सितंबर तक कार्य पर लौटने की अंतिम चेतावनी, सेवा समाप्ति की कार्रवाई की तैयारी

कोरबा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारी, जो 18 अगस्त 2025 से अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, उन्हें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने 16 सितंबर 2025 तक कार्यालय में उपस्थित होने का अंतिम निर्देश दिया है।

सीएमएचओ ने चेतावनी दी है कि अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ एनएचएम मानव संसाधन नीति 2018 के खंड 34.2 के तहत एक माह का नोटिस देकर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, रिक्त पदों पर नियमानुसार नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।

13 सितंबर 2025 को एनएचएम कार्यकारिणी समिति ने कर्मचारियों की मांगों पर विचार करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। इनमें 30 दिन के दुर्घटना अवकाश को सवैतनिक करना, कार्य मूल्यांकन में पारदर्शिता के लिए कार्य सुधार नोटिस का प्रावधान, जुलाई 2023 से 5% अतिरिक्त वेतन वृद्धि (वित्त विभाग की सहमति के बाद), स्वास्थ्य बीमा सुविधा शुरू करना, और ग्रेड पे व अनुकंपा नियुक्ति जैसे मुद्दों पर सात सदस्यीय समिति का गठन शामिल है। यह समिति तीन महीने में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

स्थानांतरण नीति में कर्मचारियों की मांगों के अनुरूप बदलाव के लिए भी सुझाव देने का निर्णय लिया गया है।

सीएमएचओ ने कहा कि कर्मचारियों के हित में कई कदम उठाए गए हैं, फिर भी अनुपस्थिति कर्तव्य के प्रति लापरवाही और आमजन की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अस्वीकार्य है।

28 अगस्त 2025 को जारी नोटिस के बाद भी अनुपस्थिति के कारण यह अंतिम चेतावनी दी गई है।उन्होंने सभी एनएचएम कर्मचारियों से 16 सितंबर को कार्यालय समय में उपस्थित होने की अपील की है।