अभियंता दिवस: भारत रत्न मोक्ष गुण्डम विश्वेश्वरैया को दी गई श्रद्धांजलि

कोरबा। भारत रत्न इंजीनियर मोक्ष गुण्डम विश्वेश्वरैया के जन्मदिवस को कोरबा में अभियंता दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया। पीएमजीएसवाय कार्यालय परिसर में अभियंता संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।

कार्यक्रम में विश्वेश्वरैया के अभियांत्रिकी क्षेत्र में अतुलनीय योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने बताया कि उन्होंने अपने समय की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में मार्गदर्शन प्रदान किया और भारत के साथ-साथ अन्य देशों को भी अपने ज्ञान व कौशल से लाभान्वित किया। उनके सम्मान में भारत सरकार ने उन्हें सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से अलंकृत किया, और 15 सितंबर को अभियंता दिवस के रूप में समर्पित किया गया।

अभियंताओं ने इस अवसर पर संकल्प लिया कि वे अभियांत्रिकी के क्षेत्र में नवाचार, सृजनात्मकता और चुनौतियों का सामना करने की इच्छाशक्ति को बढ़ावा देंगे। साथ ही, भविष्य में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास करने का वचन दिया।

कार्यक्रम में आरईएस के ईई अशोक कुमार जोगी, जल संसाधन विभाग के ईई एस.एन. साय, पीएमजीएसवाय के ईई सी.बी. सिंह तंवर, पीएचई के ईई रमन उरांव सहित लोक निर्माण विभाग, ट्राइबल, सेतु निगम और विभिन्न विभागों के अभियंताओं ने हिस्सा लिया और कार्यक्रम को सफल बनाया।