रेलवे स्टेशन की सेकंड एंट्री का रास्ता दलदल में तब्दील, लोग परेशान

कोरबा। कोरबा रेलवे स्टेशन की सेकंड एंट्री तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह दलदल में बदल गया है, जिससे हजारों लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कोयला डस्ट और बरसाती पानी ने इस मार्ग को कीचड़मय और खतरनाक बना दिया है। पैदल चलना तो दूर, वाहन चलाना भी जोखिम भरा हो गया है, जिसके कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

यह रास्ता एसईसीएल क्षेत्र से होकर गुजरता है और बड़ी संख्या में लोग इससे रेलवे स्टेशन की सेकंड एंट्री तथा एसईसीएल के बेसिक इंजीनियरिंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट तक पहुंचते हैं। गर्मी में उड़ती धूल और बरसात में कीचड़ ने इस मार्ग को मुसीबत का सबब बना दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों के रास्ते भी इस मार्ग से बेहतर हैं।

लंबे समय से लोग इस सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन रेलवे अधिकारी, प्रशासन, एसईसीएल प्रबंधन और जनप्रतिनिधियों से केवल आश्वासन ही मिले हैं। लोगों ने अधिकारियों को रास्ते की बदहाली और इसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मार्ग की दुर्दशा के कारण उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है, और अधिकारी व जनप्रतिनिधि इस समस्या के प्रति गंभीर नहीं हैं।