कलेक्टोरेट से बाइक चोरी, सीसीटीवी फुटेज में दिखा चोर, 5 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

कोरबा । कलेक्टोरेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक सनसनीखेज बाइक चोरी की घटना सामने आई है। एक युवक की बाइक (सीजी-10-ईएन-8769) कलेक्टोरेट परिसर से चोरी हो गई। युवक जब बाइक लेने पहुंचा तो उसे चोरी का पता चला।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिससे कलेक्टोरेट में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने युवक को आश्वासन देकर रिपोर्ट दर्ज करने से रोका और बाइक जल्द खोजने का वादा किया।

सीसीटीवी फुटेज में एक युवक उक्त बाइक को पिछले गेट से ले जाते दिखा। बाइक मालिक को उम्मीद थी कि फुटेज के आधार पर पुलिस चोर को पकड़ लेगी, लेकिन 5 दिन बीतने के बावजूद सिविल लाइन पुलिस को चोर का कोई सुराग नहीं मिला। इस घटना ने कलेक्टोरेट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।