धरमजयगढ़ में मछली व्यापारी से ₹2.57 लाख की लूट, बदमाश एक्टिवा छोड़कर जंगल में फरार

रायगढ़ । रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार शाम खड़गांव और सिथरा के बीच सनसनीखेज लूट की वारदात हुई। एमएम फिश कंपनी के ड्राइवर मोहम्मद रफीक से तीन बदमाशों ने ₹2,57,660 नकद लूट लिए। रफीक मछली सप्लाई के बाद रकम कलेक्ट कर बिलासपुर लौट रहा था, तभी एक्टिवा सवार बदमाशों ने उसका रास्ता रोका और धमकाकर बैग में रखी नकदी लूटकर फरार हो गए।

घटना की सूचना पर ग्रामीण मौके पर जुटे, जिससे घबराए बदमाश अपनी एक्टिवा छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। बदमाशों ने स्कूटर की नंबर प्लेट पहले ही ढक रखी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक्टिवा जब्त की और बदमाशों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।