चाकू की नोंक पर युवक के साथ बर्बर मारपीट, जिला अस्पताल में भर्ती

कोरबा जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक को चाकू की नोंक पर धमकाकर अपहरण कर बेरहमी से मारपीट की गई। घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर, रामपुर कोरबा निवासी चिन्नाराव (31) ने पुलिस में शिकायत दर्ज की कि उनके छोटे भाई कोण्डाराव (27) के साथ 11 सितम्बर की रात को यह घटना घटी। चिन्नाराव ने बताया कि वह उस दिन सुबह 10:30 बजे अपने काम के सिलसिले में चांपा गए थे और रात 9 बजे घर लौटे। रात 9:30 बजे उनके भांजे एशवा ने फोन कर सूचना दी कि गौतम नामक व्यक्ति ने कोण्डाराव को पुराने विवाद के सिलसिले में समझौता करने के लिए घंटाघर बुलाया है।

चिन्नाराव ने तुरंत अपने भाई को फोन किया, लेकिन फोन पर गाली-गलौच की आवाज सुनाई दी और फिर फोन कट गया। रात 11:20 बजे कोण्डाराव ने फोन कर बताया कि गौतम सिंह, शनि ठाकुर, नोमोन और उनके अन्य साथियों ने उन्हें चाकू दिखाकर जबरन बाइक पर बैठाया और 15 ब्लॉक पंप हाउस रावण मैदान ले जाकर मारपीट की।

कोण्डाराव ने बताया कि गौतम ने उनके घुटने पर चाकू से वार किया, शनि ने पेचकस से उनके दूसरे घुटने पर प्रहार किया, नोमोन ने सिर पर किसी वस्तु से मारा, और एक अन्य व्यक्ति ने उनकी नाक पर चोट पहुंचाई।

हमलावरों ने कोण्डाराव को धमकी दी कि यदि उन्होंने पुलिस में शिकायत की तो उनकी जान ले लेंगे। इसके बाद, आरोपियों ने उन्हें धर्म अस्पताल के बाहर छोड़ दिया और यह कहकर भाग गए कि अगर कोई पूछे तो कहना कि वह गाड़ी से गिर गए। कोण्डाराव के पास रखा नकद पैसा भी लूट लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही चिन्नाराव धर्म अस्पताल पहुंचे, जहां उनके भाई को खून से लथपथ हालत में पाया। कोण्डाराव को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

चिन्नाराव की शिकायत पर सिविल लाइन रामपुर थाने में आरोपियों गौतम सिंह, शनि ठाकुर, नोमोन और उनके अन्य साथियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 118(2), 351(2), 140(2), 296, और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।