केएन कॉलेज में जॉब फेयर: शिक्षा के साथ भविष्य संवारने की पहल

कोरबा। केएन कॉलेज में प्रदेश के 25 वर्ष पूरे होने पर महोत्सव के तहत जॉब फेयर लगाया गया। वेदांत स्कील सहित 12 कंपनियों ने रिक्त पदों के लिए यहां साक्षात्कार लिया। आईसेक्ट पीएम केके कोरबा की ओर से रोजगार मार्गदर्शन एवं पर्सनॉलिटी डेवलपमेंट की क्लास भी लगाई गई।

शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि उच्च शिक्षा के साथ साथ विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की राह पर पहला कदम बढ़ाने में मदद के लिए यह कार्यक्रम रखा गया है। हमारी प्रतिबद्धता शिक्षा के साथ-साथ भविष्य सुधारने की है।

अध्यक्ष किशोर शर्मा एवं सह सचिव उमेश लाम्बा ने भी कार्यक्रम का निरीक्षण किया। प्लेसमेंट कैम्प में 12 से अधिक राष्ट्रीय व स्थानीय स्तर की कंपनियोंं की भागीदारी रही।

महाविद्यालय के प्लेसमेंट प्रभारी अनिल राठौर ने बताया कि इस मेले में 100 से अधिक उम्मीदवारों ने भाग लिया और साक्षात्कार में अच्छे कॅरियर की शुरुआत के लिए अपनी योग्यता और प्रतिभा का प्रस्तुतिकरण किया। आईसेक्ट एनएसडीसी सेंटर के एक्जीक्यूटिव प्लेसमेंट को-ऑर्डिनेटर आकाश राखोंडे ने मार्गदर्शन प्रदान किया।

साथ ही उम्मीदवारों को भाग लेने वाली कंपनियों के संबंध में जानकारी प्रदान की और इंटरव्यू में सफलता के टिप्स भी दिए।