फेस्टिवल सीजन से पहले ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी, पुलिस की सख्ती शुरू

कोरबा। फेस्टिवल सीजन की शुरुआत से पहले ही कोरबा शहर में भीड़भाड़ और ट्रैफिक की समस्या बढ़ने लगी है। इसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात की गई हैं। उपलब्ध संसाधनों के साथ पुलिस यातायात को व्यवस्थित करने के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी कर रही है।

पुलिस ने वाहन चालकों को पहले ही हिदायत दी है कि वे वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें और ऐसी कोई हरकत न करें जिससे यातायात व्यवस्था बाधित हो या जाम की स्थिति बने। शहर के प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। नवरात्रि जैसे त्योहारों से पहले यातायात व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए पुलिस ने योजना बनाई है। भीड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा ताकि न केवल ट्रैफिक सुचारू रहे, बल्कि भीड़ के बीच अराजक तत्वों की गतिविधियों पर भी अंकुश लगाया जा सके।

सैकड़ों मामलों में कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरती जा रही है। दुपहिया वाहनों पर तीन सवारी, प्रेशर हॉर्न का उपयोग, मॉडिफाई साइलेंसर, बड़ी गाड़ियों में ब्लैक फिल्म और रेडियम पट्टी न होने जैसे उल्लंघनों पर कार्रवाई की जा रही है। अब तक सैकड़ों मामलों में चालान किए गए हैं। शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ धारा 185 के तहत मामले दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि शहर में यातायात व्यवस्था को और बेहतर किया जा सके।