ट्रैफिक जाम से निजात: राताखार तिराहे पर बनेगा नया नहर पुल

कोरबा। शहर में बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण मुख्य सड़कों, खासकर पीएच रोड स्थित नहर पुल पर अक्सर जाम की स्थिति बन रही है। इस समस्या से निपटने के लिए राताखार तिराहे पर नहर के ऊपर एक अतिरिक्त पुल के निर्माण का निर्णय लिया गया है। मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस परियोजना के लिए 9 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। स्थानीय विधायक व केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन द्वारा प्रस्तावित इस पुल के निर्माण का प्रस्ताव जल्द ही नगर निगम द्वारा स्वीकृति के लिए राज्य सरकार को भेजा जाएगा।

शहर में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते पीएच रोड नहर पुल पर सामान्य दिनों के साथ-साथ त्योहारी सीजन में घंटों जाम लग जाता है। इससे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ एंबुलेंस, मुक्तांजलि वाहन और अन्य महत्वपूर्ण वाहनों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए प्रशासन और नगर निगम ने प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया है।

नए नहर पुल के निर्माण से राताखार तिराहे से दूसरी ओर सड़क को जोड़ा जाएगा, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा। इस परियोजना से न केवल जाम की समस्या से राहत मिलेगी, बल्कि लोगों को आवागमन के लिए एक नया और सुविधाजनक विकल्प भी उपलब्ध होगा। नगर निगम और प्रशासन इस दिशा में तेजी से काम शुरू करने की योजना बना रहे हैं, ताकि शहरवासियों को जल्द से जल्द इस समस्या से निजात मिल सके।