कोरबा।कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में हाथियों की संख्या बढ़कर 66 हो गई है। इस क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार जारी है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीती रात, एक गर्भवती हथनी ने केंदई रेंज के सखोदा सर्किल में एक स्वस्थ शावक को जन्म दिया। इस दौरान हाथियों का दल काफी देर तक वहां ठहरा रहा। वन विभाग को सूचना मिलने पर अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति पर नजर रखी। सुबह होने से पहले यह दल नन्हे शावक के साथ लालपुर सर्किल के जंगल में पहुंच गया और वहां डेरा डाल लिया।
नए शावक के आने से लालपुर क्षेत्र में हाथियों की संख्या अब 27 हो गई है। इससे पहले सखोदा और लालपुर में 26 हाथी विचरण कर रहे थे। हालांकि, इस दल ने लालपुर पहुंचने से पहले रास्ते में पांच से अधिक किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। केंदई रेंज के अन्य क्षेत्रों में भी हाथियों का उत्पात जारी है। मदनपुर में 12, कापानवापारा में 11 और कोरबी सर्किल के खडफ़ड़ीपारा में 16 हाथी लगातार घूम रहे हैं। ये हाथी दिनभर जंगल में रहने के बाद शाम को खेतों में पहुंचकर रातभर फसलों को तहस-नहस कर रहे हैं। बीती रात भी इन स्थानों पर एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के बढ़ते उत्पात से उनकी आजीविका पर संकट मंडरा रहा है। वन विभाग ने हाथियों की निगरानी बढ़ा दी है, लेकिन फसलों के नुकसान और मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















