कोरबा।त्योहारी सीजन नजदीक आने के साथ ही कोरबा शहर की यातायात व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। बेतरतीब वाहन पार्किंग, सड़कों पर सामान की प्रदर्शनी और अनियंत्रित बस संचालन के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को असुविधा हो रही है, बल्कि हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
पावर हाउस ओवरब्रिज से सर्वमंगला रोड तक फलों के ठेले और दुकानों के सामने बेतरतीब खड़े दोपहिया व चारपहिया वाहनों के कारण यातायात बाधित हो रहा है। इस मार्ग पर सिटी बस, स्कूल बस, ऑटो और अन्य वाहनों का दिनभर दबाव रहता है। रेलवे फाटक बंद होने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है। पावर हाउस रोड से ट्रांसपोर्ट नगर तक सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान की प्रदर्शनी ने लोगों की आवाजाही को मुश्किल बना दिया है।
पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सड़कों पर पीली पट्टी खींचकर वाहन पार्किंग पर रोक लगाई है, लेकिन वाहन चालक इस नियम का पालन नहीं कर रहे। लोग घंटों तक सड़क पर वाहन खड़े कर खरीदारी में व्यस्त रहते हैं, जिससे अन्य वाहन चालकों को परेशानी होती है। नवरात्रि जैसे त्योहारों के दौरान बाजार में भीड़ और यातायात का दबाव और बढ़ने की आशंका है, लेकिन लापरवाह वाहन चालकों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो रही।
ट्रांसपोर्ट नगर के नया बस स्टैंड तिराहे पर ऑटो और बसों का अघोषित स्टैंड बन गया है। बस चालक तिराहे के पास 10-15 मिनट तक वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है। ओवरब्रिज फाटक के नीचे भी दोनों ओर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से यातायात प्रभावित हो रहा है।
जिला प्रशासन ने कुछ माह पहले पावर हाउस रोड पर बसों के प्रवेश पर रोक लगाई थी, ताकि जाम की समस्या कम हो। इसके बावजूद बसें राताखार बायपास के बजाय शहर के भीतर से होकर गुजर रही हैं, जिससे यातायात की समस्या और गंभीर हो गई है।
नागरिकों का कहना है कि यदि प्रशासन और पुलिस समय रहते सख्त कदम नहीं उठाएगी, तो त्योहारी सीजन में शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















