एसईसीएल दीपका क्षेत्र की सीएसआर पहल: हरदी बाजार में सीसीटीवी और रतिजा में मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण

कोरबा, 13 सितंबर 2025: एसईसीएल दीपका क्षेत्र ने अपने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत ग्रामीण विकास और सामुदायिक कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। ग्राम हरदी बाजार में ग्रामीणों, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 10 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों को क्षेत्रीय महाप्रबंधक संजय कुमार मिश्रा ने ग्राम पंचायत हरदी बाजार के सदस्यों को सौंपा।

इस अवसर पर श्री मिश्रा ने कहा कि दीपका क्षेत्र कोयला उत्पादन के साथ-साथ सीएसआर के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सतत विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

ग्रामीणों ने इस पहल के लिए एसईसीएल के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय स्तर की सीएसआर समिति के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें क्षेत्र के विभागाध्यक्ष, नोडल अधिकारी (सीएसआर), वार्ड पंच और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त, स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से दीपका क्षेत्र ने ग्राम रतिजा में मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह प्रशिक्षण परियोजना प्रभावित ग्रामों रतिजा, चैनपुर, हरदी बाजार और सरईसिंगार के स्वयं सहायता समूहों के लिए आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय कुमार मिश्रा थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम रतिजा की सरपंच कविता कंवर उपस्थित थीं। मशरूम उत्पादन प्रशिक्षक परमेश्वरी सिंह ने दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को ऑस्टर और पैरा मशरूम की खेती की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने प्रैक्टिकल प्रशिक्षण के माध्यम से मशरूम खेती की तकनीकों को समझाया। कार्यक्रम में दीपका क्षेत्र के स्टाफ अधिकारी (सिविल), स्टाफ अधिकारी (एचआर), नोडल अधिकारी (सीएसआर), विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की सदस्य और अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

ये पहलें एसईसीएल दीपका क्षेत्र की सामाजिक जिम्मेदारी और ग्रामीण समुदायों के सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।