धान की फसल पर कीटों का प्रकोप, किसान परेशान, कृषि विभाग की उदासीनता से बढ़ी मुश्किलें

कोरबा।जिले में धान की फसल पर कीटों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे किसान गहरी चिंता में हैं। अर्ली वेराइटी के धान में तना छेदक, बंकी और अन्य कीटों का हमला फसल को भारी नुकसान पहुंचा रहा है। किसानों का कहना है कि कृषि विभाग से समय पर सही परामर्श नहीं मिलने के कारण वे महंगे कीटनाशकों का उपयोग करने को मजबूर हैं।

किसानों ने बताया कि अगर विभाग की ओर से उचित दवा और छिड़काव के तरीके की जानकारी समय पर दी जाए, तो कम खर्च में फसल को बचाया जा सकता है। लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते उन्हें खाद-बीज दुकानदारों की सलाह पर निर्भर होना पड़ रहा है। दुकानदार मुनाफे के लिए महंगे ब्रांड के कीटनाशक बेच रहे हैं, जिससे किसानों की लागत और बढ़ रही है।

जिले के कई किसानों ने शिकायत की कि खेतों में कीटों का असर लगातार बढ़ रहा है। एक ओर कीटों से फसल को नुकसान हो रहा है, तो दूसरी ओर यूरिया की कमी और महंगे कीटनाशकों का बोझ उनकी आर्थिक स्थिति को और कमजोर कर रहा है। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि कृषि विभाग का अमला गांवों में दौरा कर स्थिति का जायजा लेने नहीं पहुंच रहा, जिससे उनकी समस्याएं और गंभीर हो रही हैं।

किसानों ने मांग की है कि कृषि विभाग तत्काल सक्रिय होकर कीट नियंत्रण के लिए प्रभावी उपाय सुझाए और यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करे, ताकि उनकी फसल और आजीविका को बचाया जा सके।