मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण में गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं: संभागायुक्त सुनील जैन

कोरबा। बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन ने अधिकारियों को खास तौर पर निर्देशित किया कि यहां बन रहे मेडिकल कॉलेज भवन के मानक और गुणवत्ता पर ध्यान दिया जाए।

उन्होंने भवन का अवलोकन करने के साथ ही चिकित्सा महाविद्यालय का जायजा लिया, जहां मेडिकल छात्र अध्ययन कर रहे है।

गुरुवार को कोरबा के प्रवास पर पहुंचे संभागायुक्त सुनील जैन ने ग्राम भुलसीडीह में निर्माणाधीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, आईटी कोरबा में संचालित मेडिकल कॉलेज, एवं जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। साथ ही निर्माणाधीन चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माण स्थल में एकेडमिक ब्लॉक, गल्र्स हॉस्टल, बालक हॉस्टल, इंटर्न बालक/इंटर्न कन्या हॉस्टल, डायनिंग एरिया को देखा।

उन्होंने नोडल एजेंसी के साथ संबंधित अधिकारियों को कहा कि मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य में प्रगति लाने व निर्धारित समयावधि में इसे पूर्ण करें। गुणवत्ता पर भी उनका फोकस था। अपने प्रवास के अंतर्गत संभागायुक्त श्री जैन ने वर्तमान में आई टी कॉलेज कोरबा में वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में संचालित चिकित्सा महाविद्यालय का निरीक्षण किया। यहां की व्यवस्थाएं भी देखी। उन्होंने छात्र – छात्राओं के संचालित कक्षाओं का अवलोकन कर छात्र हित में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों को दी जा रही सुविधाएं देखी। वार्ड में पहुंचकर उन्होंने मरीजों से पूछताछ भी की और जाना कि जिस प्रकार के संसाधन यहां दिए गए है उसके हिसाब से सुविधा मिल भी पा रही है या नहीं। संभाग प्रमुख ने ओपीडी, पुरुष व महिला वार्ड, स्टोर रूम, हमर लैब, ब्लड बैंक तथा विभिन्न चिकित्सकीय उपकरणों का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने भर्ती मरीजों से भेंटकर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने एवं सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को समय पर उपस्थित रहकर आमजनों को स्वास्थ्य लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

इस दौरान मौके पर डॉ. अविनाश मेश्राम, डीन मेडिकल कॉलेज सीएमएचओ डॉ एस एन केसरी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।